सुराल भटोरी में धूमधाम से मनाया विश्व पर्यटन दिवस
पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण और जैव विविधता संरक्षण पर दिया जोर
पांगी, 27 सितंबर 2026। जनजातीय क्षेत्र पांगी की सुराल घाटी के सुराल भटोरी में विश्व पर्यटन दिवस 2026 हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर अमनदीप सिंह ने कहा कि पांगी में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। सुराल घाटी प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और जैव विविधता के लिहाज से पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकती है। उन्होंने क्षेत्र में एग्रो टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को प्रकृति के अनुकूल विकसित किया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों से पर्यावरण को स्वच्छ रखने और पर्यटन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता एवं जैव विविधता को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर विभिन्न महिला मंडलों की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचीन वस्तुओं और कृषि औजारों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
सुराल टूरिज्म डेवलपमेंट कमेटी की ओर से पांगी की पारंपरिक जीवनशैली में इस्तेमाल होने वाली प्राचीन वस्तुओं और कृषि औजारों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से पर्यटकों और नई पीढ़ी को पांगी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा पारंपरिक जीवनशैली से परिचित करवाया गया।
वहीं, पर्यावरण एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डॉ. नरेश की ओर से सुराल घाटी के दुर्लभ पक्षियों और वन्यजीवों पर आधारित फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी लगाई गई। तस्वीरों के माध्यम से क्षेत्र में मौजूद प्राकृतिक संपदा और वन्यजीव विविधता को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में पर्यटन विकास समिति सुराल के अध्यक्ष कुलदीप धुतवानी, उपाध्यक्ष आदर्श ठाकुर, बी.डी. चौहान, ग्राम पंचायत धरवास बिलो प्रधान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
✍️ सुरेंद्र ठाकुर
Pangi Live News
आपकी आवाज़, सच के साथ
Chamba, Chamba | Sep 27, 2026