“भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं में छिपा है जीवन का परम रहस्य : साध्वी जयंती भारती”
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से राम लीला मैदान भादरा में आयोजित पांच दिवसीय श्रीकृष्ण कथा (14 नवंबर से 18 नवंबर) का आयोजन किया जा रहा है। कथा के चतुर्थ दिवस में सर्व श्री आशुतोष जी की शिष्या साध्वी सुश्री जयंती भारती जी ने कथा के माध्यम से अनेकों ही दिव्य रहस्यों का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का व्यक्तित्व इतना विराट है कि उसे किसी एक परिभाषा में परिभाषित नहीं किया जा सकता। कहीं तो वे वृंदावन की निकुंज गलियों में गौ चराते गोपालक हैं, कहीं अपनी बांसुरी की सुर लहरियों से सबको मोहित करने वाले बंसी बजैया, कहीं ग्वाल सखाओं के साथ गोपियों के घर से माखन चुराने वाले माखन चुरैया, कभी अपनी कनिष्ठिका पर गोवर्धन को धारण करने वाले गोवर्धन धारी, कभी अधर्मी कंस, शिशुपाल इत्यादि के प्राण हरने वाले यदुवीर हैं, तो कुरुक्षेत्र की युद्ध भूमि में अर्जुन को गीता का उपदेश देने वाले योगेश्वर परम योगी हैं।
भगवान श्री कृष्ण की कथा श्रवण करने से अपने जीवन के वास्तविक लक्ष्य का बोध होता है कि केवल प्रभु प्राप्ति ही जीवन का परम लक्ष्य है।
साध्वी जी ने बताया कि प्रत्येक मानव स्वयं को दोराहे पर पाता है, जिसे शास्त्र व ग्रंथों में श्रेय मार्ग एवं प्रेय मार्ग कहते हैं। श्रेय मार्ग सर्व कल्याणकारी मार्ग है और प्रेय मार्ग अर्थात इंद्रिय सुखों से भरपूर स्वार्थ व विनाश से भरपूर मार्ग है।
साधारण शब्दों में एक आत्मा का मार्ग है व दूसरा मन का। एक सुलझन की ओर ले जाता है और एक उलझन की ओर। इन्हीं के बीच फंसकर सही चयन न कर पाने की दशा ही तनाव, उदासी व क्षोभ का कारण है, जिससे अनेक मनोवैज्ञानिक व्याधियां उत्पन्न होती हैं। यही आधुनिक समाज की समस्या है।
यदि हम स्वयं को पहचानें, भीतर उठने वाली अंतरात्मा की चीत्कार सुनें, उस पर अमल करें तो निश्चय ही समस्याओं का समाधान हो जाए। इसके लिए आवश्यकता है किसी ब्रह्मज्ञानी संत की, जो हमें आत्म-साक्षात्कार करवा सके।
यही वेद विदित मार्ग है। ब्रह्मज्ञानी होकर जब मनुष्य भक्त बनता है तो यथार्थ में मनुष्य बनता है व जाति-पाति, ऊंच-नीच के दायरों से बाहर निकल पाता है। भगवान श्री कृष्ण को जान लेने के बाद ही मनुष्य प्रभु की लीलाओं को समझ पाता है।
मानव समाज का जीवन प्रभु से विहीन एक ऐसा रेगिस्तान है, जहां भावों की सरिता का बहना असाध्य दृष्टिगोचर हो रहा है। वह जीवत्व से शवत्व की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में उसके अंतःकरण से प्रभु के लिए भावों का प्रस्फुटीकरण होना असंभव-सा प्रतीत होता है।
साध्वी जी ने इस समस्या का समाधान देते हुए कहा कि भावों व प्रेम के लिए मानव को प्रभु भक्ति से जुड़ना पड़ेगा। प्रभु भक्ति को एक पूर्ण सद्गुरु ही हमारे भीतर प्रकट कर सकता है।
कथा में साध्वी बहनों ने सुमधुर भजनों का गायन किया। कथा समागम के दौरान भाव विभोर श्रद्धालुओं का सैलाब प्रतिदिन इन कथा प्रवचनों को श्रवण करने के लिए उमड़ रहा है व कथा का समापन विधिवत प्रभु की आरती के साथ हुआ।