➡️ अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने बड़तूमा स्थित निर्माणाधीन संत रविदास मंदिर परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के मॉडल का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्हांेने मंदिर निर्माण की प्रगति पर निर्माण एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मंदिर संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
निरीक्षण के दौरान श्री अहिरवार ने समरसता गैलरी का अवलोकन किया, जहां संत रविदास के समकालीन संतों की प्रतिमाओं एवं उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है। उन्हांेने परिसर में निर्माणाधीन आवास गृह सहित श्रद्धालुओं के लिए विकसित की जा रही अन्य सुविधाओं का भी निरीक्षण किया एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने बताया कि बड़तूमा में लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से 11 एकड़ क्षेत्र में संत शिरोमणि रविदास जी का भव्य मंदिर एवं संग्रहालय निर्मित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा शीघ्र ही संत रविदास मंदिर के लोकार्पण की योजना है, जिसमें प्रधानमंत्री को आंमत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर को शहर एवं प्रमुख मार्गों से जोड़ने के लिए आवश्यक सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा। श्री लारिया ने कहा कि यह परिसर आस्था के साथ-साथ देश-दुनिया के लोगों को भारत की महान संत परंपरा एवं संत रविदास के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश से परिचित कराने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
विधायक श्री लारिया ने मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार को मंदिर निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर में संग्रहालय, ऑडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें संत रविदास के जीवन प्रसंगों को आधुनिक डिजिटल एवं दृश्य-श्रव्य माध्यमों से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 66 फीट ऊँचे मुख्य मंदिर का निर्माण बिना लोहे के उपयोग केे लाल पत्थरों से नागर शैली में किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, गुरु रविदास विश्वमहापीठ से डॉ. परशुराम, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री अदिति शांडिल्य सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Jul 14, 2026