उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने आज FCI गोदाम, पाताहातु का निरीक्षण कर गोदाम के संचालन, खाद्यान्न भंडारण, रखरखाव एवं परिवहन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त ने गोदाम में उपलब्ध गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न के स्टॉक की जानकारी प्राप्त की तथा अनाज के बोरों का निरीक्षण कर उनके सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से भंडारण की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने गोदाम में खाद्यान्न के परिवहन तंत्र की भी समीक्षा की। उन्होंने खाद्यान्न के आवागमन, लोडिंग-अनलोडिंग की प्रक्रिया एवं समयबद्ध आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही गोदाम परिसर में स्थापित धर्मकांटा (वेट ब्रिज) का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली, माप-तौल की शुद्धता एवं नियमित संचालन की जांच की।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए खाद्यान्न का भंडारण एवं परिवहन पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने गोदाम परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं अभिलेखों के नियमित संधारण पर भी विशेष बल दिया।