नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर मैराथन दौड़, अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी
करौली। जिला मुख्यालय पर नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। स्थानीय स्टेडियम से शुरू हुई इस दौड़ को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम), मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, चिकित्साकर्मियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। साथ ही तनावमुक्त जीवन और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल पर जोर देते हुए लोगों को जागरूक किया गया। दौड़ स्टेडियम से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां प्रतिभागियों ने तख्तियों और नारों के जरिए आमजन को नशा त्यागने और मानसिक रूप से सजग रहने की अपील की।