उदयपुर ट्रैफिक सुधार बैठक
पर्यटन सीजन से पहले उदयपुर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर मंथन
पहले समझाइश, फिर होगी सख्ती : एसपी अमृता दुहन
उदयपुर। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी डॉ. अमृता दुहन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में महापौर पारस सिंघवी, एएसपी उमेश ओझा, ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, यूडीए, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग, स्थायी रूप से खड़ी बसों, ठेलों और प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या पर चर्चा हुई। एसपी अमृता दुहन ने कहा कि पहले समझाइश की जाएगी, इसके बाद भी सहयोग नहीं करने वालों पर सख्ती होगी।
जगदीश चौक, गणगौर घाट, रानी रोड, सूरजपोल और बापू बाजार सहित प्रमुख क्षेत्रों से अतिक्रमण व यातायात बाधाएं हटाने का निर्णय लिया गया। स्थायी रूप से खड़ी बसों के खिलाफ भी अभियान चलेगा।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि “शहर को बचाना है तो यातायात व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार करना होगा।” गुलाब बाग पार्किंग को स्टे हटने के बाद विकसित करने की योजना है, जहां करीब 125 बसों और 300 से अधिक कारों की पार्किंग हो सकेगी। पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे।