#संगरिया पंचायतीराज चुनाव: आदर्श आचार संहिता , राजनीतिक दलों एवं मीडिया के साथ बैठक
संगरिया की आवाज़।
#संगरिया पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की घोषणा के साथ ही प्रभावी हुई आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को रिटर्निंग अधिकारी व उपखंड अधिकारी जय कौशिक की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, प्रिंटिंग प्रेस एवं मीडिया कर्मियों के साथ बैठक हुई। रिटर्निंग अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता के बिंदुओं की जानकारी देते हुए पालना सुनिश्चित करने में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने प्रचार प्रसार के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना करें। रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य का चुनाव ईवीएम से तथा सरपंच एवं वार्ड पंच का चुनाव मतपत्रों के द्वारा होगा। प्रिंटिंग प्रेस मालिकों को चुनाव संबंधी सामग्री मुद्रण पर मुद्रक का नाम, संख्या की जानकारी अंकित करने सहित प्रचार सामग्री प्रकाशित करने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए।
रिटर्निंग अधिकारी ने राजनीतिक दलों, संभावित उम्मीदवारों और आम नागरिकों से आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संगरिया पंचायत समिति में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव चुनाव चौथे चरण में होंगे। पंचायत समिति सदस्य के लिए नामांकन-पत्र उपखंड अधिकारी कार्यालय में दाखिल होंगे। नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया 31 अक्टूबर से प्रारंभ होगी। वहीं जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन फार्म जिला मुख्यालय पर भरे जाएंगे जिसकी प्रक्रिया 19 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार मोनिका बंसल ने बताया कि चुनाव संचालन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 24x7 कार्यरत कंट्रोल रूम जिसका दूरभाष नम्बर 01499-250138 शुरू कर दिया गया है। इस नम्बर पर आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है साथ ही मतदाताओं और आम नागरिकों की सुविधा के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय में चुनाव हैल्प डैस्क भी स्थापित किया गया है जहां लोग जानकारी व सहायता प्राप्त कर सकेंगे। चुनाव शाखा के सहायक प्रोग्रामर भरत सांवरिया, पंकज गोदारा, तहसील चुनाव शाखा प्रभारी रविन्द्र गोदारा सहित मीडिया एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, प्रिंटिंग प्रेस प्रतिनिधि मौजूद रहे।
संगरिया की आवाज़