जुलाना नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 में बदहाल सफाई व्यवस्था और गली निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर आज महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिला पार्षद पूजा रानी के नेतृत्व में वार्ड की महिलाओं ने गलियों से कीचड़ टोकरियों में भरकर अपने सिर पर उठाया और नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मुख्य गेट पर ही कीचड़ डाल दिया। महिलाओं का कहना है कि कई बार शिकायतों और बैठकों के बावजूद समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ये तस्वीरें जुलाना नगर पालिका के वार्ड नंबर 10 की हैं, जहां वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है।
महिला पार्षद पूजा रानी के नेतृत्व में वार्ड की महिलाओं ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए गलियों में जमा कीचड़ टोकरियों में भरा और उसे सिर पर उठाकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं। इसके बाद महिलाओं ने नगर पालिका के मुख्य गेट पर कीचड़ डालकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि गली निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं के कारण पानी की निकासी सही तरीके से नहीं हो पा रही। नतीजतन गलियों में लगभग एक फुट तक कीचड़ और गंदा पानी जमा रहता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
महिलाओं का कहना है कि गलियों का यह कीचड़ पास के खाली प्लॉट में जमा होकर छह से सात फुट गहरे दलदल का रूप ले चुका है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और बाजार जाने वाले लोग रोजाना गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
महिला पार्षद पूजा रानी का कहना है कि पार्षद बनने के बाद से अब तक नगर पालिका की हर बैठक में इस गली का मुद्दा एजेंडे में रखा गया, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
उनका कहना है कि केवल सफाई करवाने से इस समस्या का हल नहीं निकलेगा। जब तक गली का दोबारा सही तरीके से निर्माण नहीं होगा और पानी निकासी का स्तर तकनीकी रूप से ठीक नहीं किया जाएगा, तब तक वार्डवासियों को इस परेशानी से राहत नहीं मिल सकती।
अब देखना होगा कि महिलाओं के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद नगर पालिका प्रशासन जागता है या फिर वार्ड नंबर 10 के लोगों को इसी तरह कीचड़ और बदहाली में जीवन बिताने को मजबूर रहना पड़ेगा।
Ambala, Ambala | Jul 8, 2026