प्रेरणा कैन्टीन का डीएम और एसपी ने किया शुभारम्भ, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार
सण्डीला। तहसील परिसर सण्डीला में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्थापित अधुना मॉडल प्रेरणा कैन्टीन का उद्घाटन किया।
यह प्रेरणा कैन्टीन ग्राम पंचायत छनोइया मलेहरा, विकास खंड सण्डीला के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित की जाएगी। तहसील परिसर में आने वाले लोगों को यहां चाय, नाश्ता, जलपान के साथ शुद्ध भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
कैन्टीन के संचालन के लिए मिशन की ओर से दो लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। इसके संचालन के लिए 10 सदस्यीय एओपी का गठन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना से जुड़े स्वयं सहायता समूह के सदस्यों की आय में वृद्धि होने के साथ उनके जीवन स्तर में भी सुधार होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान योजना की टैगलाइन ‘समूह से समृद्धि की ओर’ की भावना को धरातल पर साकार करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम सण्डीला सुश्री नारायणी भाटिया (आईएएस), खंड विकास अधिकारी बेंहदर सुश्री संस्कृति त्रिवेदी (आईएएस), उपायुक्त स्वतः रोजगार निशांत राय, सीओ सण्डीला श्लोक गौतम, खंड विकास अधिकारी सण्डीला सुश्री गौरी राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 19, 2026