चंबल नदी पर स्टीमर बंद होने से नाराज ग्रामीण धरने पर बैठे, बोले- रक्षाबंधन पर बहनों का आना-जाना कैसे होगा?
मुरैना। अंबाह के उसैद घाट पर चंबल नदी में स्टीमर का संचालन बंद होने से नाराज ग्रामीण गुरुवार को घाट पर ही धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना है कि चंबल नदी के दूसरी ओर उत्तर प्रदेश का पिनाहट-आगरा क्षेत्र है, जहां मुरैना क्षेत्र के कई लोगों की रिश्तेदारियां हैं। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए दोनों ओर बहन-बेटियों का आना-जाना लगा हुआ है। ऐसे में स्टीमर बंद होने से लोगों को लंबा रास्ता तय कर आगरा होते हुए मुरैना और फिर अंबाह क्षेत्र तक पहुंचना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक स्टीमर के जरिए चंबल नदी को कम समय में पार किया जा सकता है, लेकिन संचालन बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उसैद घाट पर धरना शुरू किया है।
यूपी वन विभाग से अनुमति मिलने का दावा
ग्रामीणों का कहना है कि चंबल नदी के उत्तर प्रदेश क्षेत्र में स्टीमर संचालन के लिए वहां के वन विभाग से अनुमति मिल चुकी है। इसके बाद अंबाह एसडीएम की ओर से भी स्टीमर संचालन की स्वीकृति दी गई है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि एसडीएम की अनुमति में कुछ शर्तें लगाई गई हैं, जिसके चलते स्टीमर संचालक संचालन शुरू नहीं कर रहे हैं।
नियमों के तहत स्टीमर चलाने की मांग
धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि वे नियमों को तोड़कर स्टीमर चलाने की मांग नहीं कर रहे हैं। उनकी मांग है कि प्रशासन सभी जरूरी औपचारिकताएं और सुरक्षा संबंधी नियम पूरे कराकर स्टीमर का संचालन शुरू कराए, ताकि रक्षाबंधन के दौरान बहन-बेटियों और अन्य यात्रियों को चंबल नदी पार करने में परेशानी न हो।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि स्टीमर का संचालन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार ही किया जाएगा। नियमों की अनदेखी कर स्टीमर चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
Morena Nagar, Morena | Aug 27, 2026