*अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की विशेष निरोधात्मक कार्रवाई*
*14 से 30 सितंबर तक अभियान में 53 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त, 7 अभियुक्त गिरफ्तार*
*सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर।* आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर के निर्देशानुसार 14 से 30 सितम्बर 2026 तक चलाए गए विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जिला आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध जिलेभर में कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (योजना एवं नीति) प्रदीप सिंह सांगावत एवं अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जोन भरतपुर बद्रीनारायण मीना के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी हरीश रोलन के नेतृत्व में विभिन्न सूचनाओं के आधार पर नाकाबंदी कर संभावित स्थानों को चिन्हित किया गया और संयुक्त आबकारी धावे किए गए।
अभियान के दौरान राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 के तहत कुल 14 अभियोग दर्ज किए गए, जिनमें 9 साधारण श्रेणी, 3 महत्वपूर्ण श्रेणी एवं 2 बीएलसी प्रकरण शामिल हैं। कार्रवाई में 228 पव्वे देशी मदिरा, 2,407 बोतल एवं 19,200 पव्वे अंग्रेजी मदिरा, 30 बोतल बीयर तथा 45 बोतल हथकड़ शराब जब्त की गई। जब्त शराब का अनुमानित मूल्य 53 लाख रुपये बताया गया है। जब्त अंग्रेजी शराब में 2,394 बोतल एवं 19,200 पव्वे ‘फॉर सेल इन पंजाब’ अंकित हैं।
अभियान के दौरान 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 3,200 लीटर वॉश नष्ट की गई।
कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी डॉ. रचना राठौड़, आबकारी निरीक्षक अरविन्द सिंह, आबकारी निरीक्षक त्रिलोक अग्रवाल, प्रहराधिकारी सुरेश सहित आबकारी निरोधक दल एवं अन्य ईपीएफ जाप्ते का महत्वपूर्ण योगदान रहा।