राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता- राज्यमंत्री श्री लोधी
==
शहीद जवानों के बलिदान से कायम है देश में अमन-चैन और शांति- सांसद श्री लोधी
==
शहीदों के बलिदान को देश हमेशा रखेगा याद- विधायक श्री मलैया
==
वीर जवानों का त्याग और बलिदान सदियों तक राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा - कलेक्टर श्री यादव
==
शहीद जवानों का त्याग और समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा- पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि
==
पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर भव्य परेड आयोजित,
==
154 शहीद जवानों को किया नमन
==
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश की रक्षा एवं सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियो, अधिकारियों एवं उपस्थितजनों ने शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम के दौरान परेड का आयोजन भी किया गया तथा शहीदों के सम्मान में श्रद्धा सुमन अर्पित किये गये। इस अवसर पर संस्कृति राज्यमंत्री एवं अतिथियो द्वारा शहीद पुलिस अधिकारी स्व. मदन त्रिवेदी के परिजनो का शाल, श्रीफल से सम्मान किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शहीद जवानों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। इस आशय के विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित भव्य परेड को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
राज्यमंत्री श्री लोधी कहा कि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होने कार्यक्रम के अंत में सभी शहीद जवानों को पुनः नमन करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही उनके सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा सेना और पुलिस के जवान सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ बड़े आयोजनों एवं महत्वपूर्ण गतिविधियों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से ही जिले, प्रदेश और देश में अमन-चैन एवं शांति कायम रहती है।
सांसद श्री लोधी ने कहा देश की सुरक्षा में समर्पित जवानों और उनके परिजनों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने सभी जवानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा उनके साहस और बलिदान के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर रहे हैं।
दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि 21 अक्टूबर का दिन उन वीर शहीदों की याद में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की और नागरिकों को हमेशा सुरक्षित रखने का दायित्व निभाया। इन वीर जवानों का त्याग और बलिदान देश कभी नहीं भुला सकता।
विधायक श्री मलैया ने कहा देश की सुरक्षा और आम नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के प्रति हम सभी के मन में सम्मान और कृतज्ञता का भाव होना चाहिए। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए उनके चरणों में अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा समाज में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनेक वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी और कर्तव्य पालन करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा देश के वीर सपूतों के विचार, उनका अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक प्रेरणा देते रहेंगे। उनके त्याग और बलिदान से हमें राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध होता है तथा देश की सेवा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा हम सभी को वीर जवानों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। साथ ही, राष्ट्र को समृद्ध, सशक्त और उन्नत बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। वीर जवानों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करते हुए देश की प्रगति, एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस के अंतर्गत आज दमोह पुलिस लाइन में देशभर के उन पुलिसकर्मियों एवं अर्धसैनिक बल के जवानों को याद किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा इस अवसर पर 154 शहीद पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के जवानों के योगदान और बलिदान को स्मरण किया गया।
श्री कलादगि ने कहा शहीद जवानों का त्याग और समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा। देश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन जवानों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर दमोह पुलिस द्वारा प्रस्तुत परेड के माध्यम से शहीद जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन राष्ट्र की सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के बलिदान को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना।
29 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026