दमोह में दिल दहला देने वाली घटना: तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदी मां, तीन की मौत
पांच वर्षीय बेटी की बची जान, बच्ची ने बताई आपबीती; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
दमोह। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह करीब चार बजे हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां 28 वर्षीय मंजू अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में गिर गई। हादसे में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय बेटी आरुषि की जान बच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंजू सुबह अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से निकली थी। आरोप है कि उसने पहले बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे बाद प्रभात फेरी के लिए निकले ग्रामीणों ने बच्ची की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। सभी को कुएं से निकालकर पथरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां मंजू, चार वर्षीय अन्नू और तीन वर्षीय अनुज को मृत घोषित कर दिया गया।
बच्ची ने बताई आपबीती, वजह अब भी स्पष्ट नहीं
जीवित बची आरुषि ने बताया कि मां ने पहले तीनों बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद कूद गई। पति नेतराम उर्फ निजाम सिंह और सास अनूप रानी के अनुसार, परिवार में किसी विवाद की जानकारी नहीं है।
सूचना पर थाना प्रभारी महेंद्र जगत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। घटना के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Damoh, Damoh | Oct 20, 2026