गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने 8 घंटे में दबोचा
#बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के करीब आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय गिरोह बनाकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार प्रेमनगर क्षेत्र निवासी इस्लाम कादिर पुत्र आरिफ खान ने अपने साथी सलमान निवासी अलीगढ़ के साथ मिलकर एक संगठित आपराधिक गिरोह बना रखा था। गिरोह के सदस्य चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। गिरोह का पंजीकरण संख्या डी-296/2026 है।
गिरोह की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना प्रेमनगर में 23 जुलाई 2026 को मु0अ0सं0 316/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर इस्लाम कादिर को मुकदमा दर्ज होने के लगभग आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था तथा अपराध से अर्जित धन से अपना जीवन-यापन करता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्रेमनगर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
#bareillypolice
Bareilly news Live
#viral