सीएमएचओ डॉ. चोपड़ा ने रायपुरिया से किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
विद्यार्थियों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली, कृमि संक्रमण से बचाव एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, रायपुरिया से अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई तथा कृमि संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चोपड़ा ने विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास, पोषण स्तर तथा समग्र स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा का सेवन करने और व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने से कृमि संक्रमण से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है।
डॉ. चोपड़ा ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, नाखून छोटे एवं साफ रखने, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन का सेवन करने तथा शौचालय का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के मैदानी अमले को अभियान के दौरान सभी पात्र बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कृमिनाशक दवा का सेवन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से जिले के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP