पत्नी-ससुरालियों ने युवक को पेट्रोल डालकर जलायाः कई दिन तक अस्पताल में रहा, 60 प्रतिशत जला युवक, एसपी से लगाई गुहार
जनपद जालौन के आटा थाना क्षेत्र में एक युवक को उसकी ससुराल में पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो लाख रुपए, सोने की जंजीर और अन्य सामान वापस मांगने पर विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल वालों ने मिलकर युवक पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसा युवक करीब तीन सप्ताह तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा। आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव निवासी शहजादे की शादी करीब 13 साल पहले उरई निवासी सलमा से हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। परिवार का आरोप है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। 7 मई को शहजादे अपनी पत्नी को घर लाने और पहले दिए गए रुपए व सामान वापस लेने के लिए उरई स्थित ससुराल पहुंचे थे तभी यह घटना हुई। पीड़ित के भाई ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ससुराल पहुंचने पर रुपए और सोने की जंजीर को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर शहजादे के ससुर, सास, पत्नी सलमा और 2 अन्य ने मिलकर पहले उनकी पिटाई की और फिर उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। हालत गंभीर होने पर पहले झांसी, फिर कानपुर और बाद में लखनऊ स्थित केजीएमयू रेफर किया गया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Jun 3, 2026