ऑटो पार्ट्स व्यापारी के खाते से 1.78 लाख रुपए निकाले:बिना जानकारी के ठगों ने तीन बार किए अलग-अलग ट्रांजेक्शन, मामला दर्ज
.
.
चित्तौड़गढ़। शहर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बापूनगर, सेंती निवासी ऑटो पार्ट्स व्यापारी रवि कुमार बिलोची के यूनियन बैंक खाते से बिना जानकारी और अनुमति के कुल 1 लाख 78 हजार 500 रुपए ट्रांसफर हो गए। खाते से राशि निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली थानाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि रवि कुमार ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 29 सितंबर को उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन हुए। पहली बार 50 हजार रुपए, दूसरी बार 75 हजार रुपए और तीसरी बार 53 हजार 500 रुपए ट्रांसफर किए गए। तीनों ट्रांजेक्शन मिलाकर कुल 1 लाख 78 हजार 500 रुपए खाते से निकल गए। रवि कुमार के अनुसार उन्होंने खुद यह राशि किसी को ट्रांसफर नहीं की और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपने खाते से पैसा निकालने या ट्रांसफर करने की अनुमति दी थी। खाते की जांच करने पर अलग-अलग समय पर राशि निकलने का पता चला, जिसके बाद उन्हें साइबर ठगी की आशंका हुई। पीड़ित ने पुलिस को बैंक स्टेटमेंट, ट्रांजेक्शन से जुड़ी जानकारी, मोबाइल स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करवाए हैं। उन्होंने खाते से निकली राशि वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस बैंक से ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड जुटा रही है और यह पता लगाने में लगी है कि राशि किस खाते में ट्रांसफर हुई और उसके बाद कहां-कहां भेजी गई। पुलिस इस मामले में साइबर माध्यम से ठगी करने वाले अज्ञात आरोपियों की भी जानकारी जुटा रही है।
#chittorgarhnews
#FraudNews
#CyberFraud
#jaivardhannews