देवपुरा माता मंदिर चोरी का खुलासा, मुठभेड़ में 1 आरोपी घायल; तीन गिरफ्तार
कालपी पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, नकदी, पीतल के घंटे, हथियार व चोरी के उपकरण बरामद
कालपी (जालौन)। कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उसरगांव स्थित देवपुरा माता मंदिर में 16/17 सितंबर की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई पुलिस कार्रवाई में संदीप उर्फ नरेन्द्र कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक मंदिर से घंटे और दानपात्र से करीब 35 हजार रुपये चोरी किए गए थे। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी कालपी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम गठित की गई थी।
मुठभेड़ के बाद बलराम और लाला उर्फ लालचंद को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा व दो जिंदा कारतूस, 26 छोटे-बड़े पीतल के घंटे, 11,995 रुपये नकद, ताला तोड़ने के उपकरण और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी: 1- संदीप उर्फ नरेन्द्र कुमार (30 वर्ष), ग्राम गोर, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात। 2- बलराम (35 वर्ष), ग्राम गोर, थाना भोगनीपुर, कानपुर देहात। 3- लाला उर्फ लालचंद (65 वर्ष), ग्राम अंडवा, थाना बारा, कानपुर देहात।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मंदिर में चोरी की बात स्वीकार की और बताया कि चोरी का सामान आपस में बराबर बांट लेते थे। संदीप उर्फ नरेन्द्र के खिलाफ कानपुर देहात में पूर्व से दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई एडीजी कानपुर जोन और आईजी झांसी परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
Orai, Jalaun | Sep 26, 2026