Bihar news : बाघ के हमले में महिला की दर्दनाक मौत, वीटीआर के सीमावर्ती इलाके में दहशत। बिहार के पश्चिम चंपारण मे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। लगातार दूसरे दिन बाघ के हमले की घटना सामने आई है। इस बार धान के खेत में काम कर रही एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।बताया जाता है कि बगहा के नौरंगिया थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया रेता गांव में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब धान के खेत में सोहनी कर रही 45 वर्षीय उमरावती देवी पर गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। बाघ महिला को घसीटते हुए गन्ने के खेत में ले गया। महिला की चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे मजदूर और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और ग्रामीणों ने खेतों में जाना बंद कर दिया।सूचना मिलते ही वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन प्रमंडल-दो की टीम, मदनपुर वन क्षेत्राधिकारी नसीम अंसारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। नौरंगिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं वन विभाग ने बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। गौर करने वाली बात यह है कि एक दिन पहले ही वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में बकरी चरा रहे अकलू यादव पर भी बाघ ने हमला किया था। ग्रामीणों की सूझबूझ से उनकी जान तो बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है। लगातार दो दिनों में हुए बाघ के हमलों ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।वीटीआर वन संरक्षक-सह-निदेशक,
गौरव ओझा ने कहा "घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दी जा रही है। प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।लगातार दो दिनों में बाघ के हमलों ने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण अब खेतों में जाने से भी घबरा रहे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इंसान और बाघ के बीच बढ़ते इस संघर्ष पर कब लगाम लगेगी। #WestChamparan #ValmikiTigerReserve #TigerAttack #BiharNews #Bagaha #Naurangia #WildlifeConflict #HumanWildlifeConflict #BreakingNews #ForestDepartment #Bihar #Wildlife #VillageNews #GroundReport #TrendingNews #GMCHBettiah #Valmikinagar #IndiaNews #NatureAlert #PublicSafety