विशेष कार्याधिकारी ने बरहज और देवरिया सदर के मतदान केंद्रों का किया स्थलीय निरीक्षण
मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और निर्वाचन तैयारियों का लिया जायजा
#देवरिया। विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर विशेष कार्याधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र 342-बरहज एवं देवरिया सदर के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में विशेष कार्याधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय तेनुआ तथा प्राथमिक विद्यालय खजुरी भट स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और स्थिति का अवलोकन किया।
उन्होंने संबंधित कार्मिकों से मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का मौके पर सत्यापन भी किया।
विशेष कार्याधिकारी ने अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर निर्वाचन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।