26 गांवों के युवाओं को 52.78 लाख की लागत से जिम की सौगात
- विधायक गोकुल सेतिया ने खुद उपकरणों का निरीक्षण कर परखी गुणवत्ता, दो गांवों में सामान पहुंचना बाकी
सिरसा।
सिरसा विधानसभा क्षेत्र के 26 गांवों के युवाओं के लिए विधायक कोटे से 52 लाख 78 हजार 260 रुपये की लागत से जिम की सौगात दी जा रही है। जिम के उपकरण पहुंचने के बाद विधायक गोकुल सेतिया ने स्वयं मौके पर पहुंचकर उनका निरीक्षण किया और उपकरणों का इस्तेमाल करके उनकी मजबूती व गुणवत्ता भी परखी। विधायक के इस कदम को ग्रामीण युवाओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने से जोड़कर देखा जा रहा है। विधायक ने बताया कि 26 गांवों के लिए जिम के उपकरण पहुंच चुके हैं, जबकि दो गांवों के जिम का सामान अभी विभाग की ओर से पहुंचाया जाना बाकी है। विभागीय अधिकारियों ने जल्द ही दोनों गांवों में भी उपकरण पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
गोकुल सेतिया ने कहा कि काम में समय जरूर लगा, लेकिन उन्हें इस बात की संतुष्टि है कि जो सामान आया है, वह अच्छी गुणवत्ता का है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा, “वक्त जरूर लग गया, पर चीज अच्छी आई, मुझे उस चीज की तसल्ली है। अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ूंगा, बस सब्र और अपने भाई पर तसल्ली रखिए।”
विधायक ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को गांवों में ही बेहतर व्यायाम और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। जिम स्थापित होने से युवाओं को नियमित व्यायाम के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और वे स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित होंगे।
Sirsa, Sirsa | Aug 29, 2026