आकांक्षी विकासखंड बजाग में विशाल जन कल्याण शिविर का शुभारंभ, प्रथम दिवस 386 आवेदनों का हुआ निराकरण
डिंडोरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बजाग श्री सचिन अग्रवाल के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड बजाग में तीन दिवसीय विशाल जन कल्याण शिविर का शुभारंभ उत्कृष्ट विद्यालय बजाग में किया गया। 15 जून से 17 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस शिविर का उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलकली मरावी, उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम कुशराम, जिला उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र दुबे, मंडल अध्यक्ष श्री सुशील यादव, श्री नीरज मुझवार, श्री शंकर सिंह भदौरिया, श्री चूरामन साहू, श्री लोकेश पटेरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री सचिन अग्रवाल, तहसीलदार श्री भरत सिंह, बीआरसी श्री ब्रजभान गौतम सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री ओमकार मरकाम ने पहुंचकर हितग्राहियों से संवाद किया तथा विभिन्न विभागों के पंजीयन काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के दौरान अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य, आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। यहां आयुष्मान कार्ड निर्माण, पेंशन स्वीकृति, किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, आधार अद्यतन, जाति एवं आय प्रमाण पत्र, बिजली बिल सुधार सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर के प्रथम दिवस विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 386 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निराकरण किया गया। इनमें जनपद पंचायत के 186, स्वास्थ्य विभाग के 65, जनजातीय कार्य विभाग के 59, आजीविका मिशन के 30, खाद्य विभाग के 19, राजस्व विभाग के 11, महिला एवं बाल विकास विभाग के 10, उद्यान विभाग के 4 तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 2 आवेदन शामिल रहे। प्राप्त सभी आवेदन पात्र पाए गए तथा उनका निराकरण किया गया।
शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हितग्राही पहुंचे। उन्होंने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सचिन अग्रवाल ने बताया कि आकांक्षी विकासखंड बजाग के समग्र विकास एवं आमजन को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया है। शिविर 17 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होगा।
9 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 15, 2026