’’सक्षम समर कैंप का समापन, छात्राओं ने रचनात्मकता और जीवन कौशल का किया प्रदर्शन’’
जनजातीय कार्य विभाग के मार्गदर्शन में संचालित सक्षम जीवन कौशल कार्यक्रम के अंतर्गत सीनियर उत्कृष्ट कन्या छात्रावास अमरपुर एवं अंग्रेजी माध्यम बालक आश्रम शाला अमरपुर में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के दौरान छात्र- छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर छात्र -छात्राओं ने कवाड़ से जुगाड़, मिट्टी के खिलौने, कागज की कलाकृतियाँ, प्राकृतिक रंगों से पेंटिंग, सेल्फी प्वाइंट, गोंडी पेंटिंग तथा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इसके साथ ही भविष्य निर्माण को बेहतर कैसे बनाया जाए, परीक्षा में अधिक अंक कैसे आए, जीवन का लक्ष्य निर्धारण करना , बाल संरक्षण और “मेरे सपनों का गाँव” जैसे विषयों पर संवाद एवं जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री शिवभजन परस्ते जी ने कहा कि ऐसे शिविर छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में निरंतर सीखते रहने और अपने कौशल का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री सुवेश दुबे जी ने पर्यावरण निर्माण एवं मेरे सपने के गांव को बेहतर बनाने हेतु छात्र छात्राओं को मार्गदर्शित किया गया
इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती छोटी आर्मो जी , छात्रावास अधीक्षक श्री इंदल यादव जी ,आश्रम के शिक्षक शिक्षिका एवं सक्षम कार्यक्रम के ब्लॉक प्रबंधक श्री नीरज तिवारी उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों और अपनी पसंदीदा गतिविधियों को साझा करते हुए बताया कि इस शिविर ने उन्हें नई सीख और आत्मविश्वास प्रदान किया। ब्लॉक प्रबंधक श्री नीरज तिवारी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित सक्षम समर कैंप का मुख्य फोकस जीवन कौशल, बाल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं लिंग समावेशिता पर रहा। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना तथा उन्हें सामाजिक और व्यावसायिक जीवन में सफल बनने के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना है।
#anjupavanbhadoriya #dindori #JansamparkMP
13 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 15, 2026