Public App Logo
🚨सीमाद्वार में जलभराव पर डीएम सख्त, 24 घंटे में सफाई के निर्देश देहरादून में लगातार बारिश के चलते जलभराव की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर मौके पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं। डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए कि 24 घंटे के भीतर सड़कों के किनारे नालियों में जमा मलबा और कूड़ा हटाया जाए। साथ ही डिवाटरिंग पंप लगाकर जमा पानी की तत्काल निकासी सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान होने तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में ही रहकर स्थिति की निगरानी करेंगे। डिवाटरिंग कार्यों के साथ स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का भी तुरंत निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति भी दी गई। डीएम ने सीमाद्वार में जलभराव के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को क्षेत्र का विस्तृत सर्वे करने और ड्रेनेज सिस्टम के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका तेजी से धरातल पर क्रियान्वयन भी किया जाए। न्यूकैंट रोड पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड और सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया। सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और पुलिस के माध्यम से मौके पर कई वाहनों के चालान करवाए। सड़क किनारे संचालित अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नो-पार्किंग के स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने को कहा गया, ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो। डीएम ने लोक निर्माण विभाग को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए तत्काल सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकता के अनुसार शिफ्ट करने की कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात में बाधा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। - Dehradun News