भारत भारती परिसर में सक्षम संस्था के मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों के पदाधिकारियों के दो दिवसीय अधिवेशन का प्रारंभ किया गया ,कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर और भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान गुरदास रावत विशेष रूप से शामिल हुए। अधिवेशन में मध्य भारत प्रांत के 16 जिलों से आए पदाधिकारियों ने दिव्यांगजनों की योजनाओं, अधिकारों और सरकारी सहायता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने बैतूल से ही दिव्यांगजनों के लिए एकल खिड़की प्रणाली’ शुरू करने की घोषणा की है। इस प्रणाली से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, प्रमाण-पत्र, पेंशन, शिक्षा और रोजगार के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से जल्द राहत मिल सकती है।
गौरतलब है कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से लेकर उनके सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता तक की राह आसान बनाने में सक्षम संस्था के जिला अध्यक्ष सुनील हिरानी ने बैतूल में समन्वय की एक नई मिसाल खड़ी की है। शासन-प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय के साथ 50 से अधिक सामाजिक, व्यावसायिक, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक स्तर के सहयोग को एक मंच से जोड़कर श्री हिरानी ने दिव्यांगजनों को सक्षम की छत्रछाया उपलब्ध कराने का प्रयास किया है। बैतूल से शुरू हुआ यह मॉडल आने वाले समय में पूरे देश में दिव्यांग हितों के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि दिव्यांगजनों को अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए एकल खिड़की प्रणाली विकसित की जाएगी। इसकी शुरुआत शीघ्र ही बैतूल से की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे दिव्यांगजनों का समय और श्रम दोनों बचेंगे। उन्होंने सक्षम संस्था को समाज और सरकार के बीच सेतु बताते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहानुभूति नहीं, अवसर, मदद और सम्मान उपलब्ध कराना जरूरी है।
सरकार के साथ मिलकर आगे कार्य करेगी सक्षम संस्था
जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने कहा कि सक्षम संस्था देशभर में दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है। दो दिवसीय अधिवेशन में 16 जिलों के प्रतिनिधि दिव्यांगजनों से जुड़ी योजनाओं, अधिकारों और सरकारी सहायता पर मंथन कर रहे हैं। अधिवेशन से निकलने वाली रणनीति के आधार पर सक्षम संस्था सरकार के साथ मिलकर आगे कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन भले ही शारीरिक रूप से किसी चुनौती से जूझ रहे हों, लेकिन वे अन्य सभी क्षेत्रों में पूरी तरह सक्षम हैं। इसलिए पूरे समाज को उनके सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वावलंबन की चिंता करनी चाहिए।
भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान गुरदास रावत ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि बचपन में लोग उनकी दिव्यांगता का मजाक उड़ाते थे, लेकिन उन्होंने अपनी दिव्यांगता को ही अपनी ताकत बना लिया। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को वनडे में 3-0 और टी-20 में 10-0 से क्लीन स्वीप किया है। उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी स्टेडियम और क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान में खेलने की उपलब्धि भी साझा की। रावत ने सक्षम संस्था और बैतूल के अध्यक्ष सुनील हिरानी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उपक्रम दिव्यांग बच्चों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन की भावना के अनुरूप उपस्थित दिव्यांगजनों को रक्षासूत्र भी बांधे गए और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। सक्षम संस्था के जिला अध्यक्ष सुनील हिरानी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में भोपाल के आयुक्त अजय खेमरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे सहित सक्षम संस्था के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।