भानु प्रकाश नेगी— कर्णप्रयाग
पत्र लेखन की कला को पुनर्जीवित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग ने ‘ढाई आखर’ राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एक पत्र धरती मां के नाम—प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा’ रखा गया है। उत्तराखंड डाक परिमंडल द्वारा भी प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राज्यभर के डाकघरों सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
चमोली मंडल के डाक अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता में 18 वर्ष से कम और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल हो सकते हैं। प्रतियोगिता में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को आकर्षक धनराशि के पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।
वहीं, पत्र लेखन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की इस पहल को पर्यावरण प्रेमियों ने भी सराहनीय बताया है। नारायणबगड़ के पर्यावरण प्रेमी नारायण सिंह चौधरी का कहना है कि पत्र लेखन के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
डिजिटल दौर में तेजी से कम हो रही पत्र लेखन की परंपरा को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ने की डाक विभाग की यह पहल लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश भी दे रही है।