दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 16.10.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा बिक्रमगंज के विभिन्न पूजा पंडालों, मंदिरों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं काव नदी स्थित विसर्जन घाट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पूजा स्थलों पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पूजा समिति के प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। साथ ही, लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंडालों एवं मंदिरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बिक्रमगंज को मंदिरों, पूजा पंडालों तथा शहर के प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा काव नदी स्थित प्रतिमा विसर्जन घाट का भी निरीक्षण किया गया तथा वहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। विसर्जन स्थलों पर भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके और विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता बरतने तथा पूजा एवं विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी श्री ललित भूषण रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज श्री दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिक्रमगंज श्री सिंधु शेखर सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बिक्रमगंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित थानाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
#IPRD
#DurgaPuja
#BiharGovernment
#PublicService
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Oct 16, 2026