ब्यूटीशियन कोर्स की प्रतिभागियों को दी टीबी, एचआईवी-एड्स से बचाव की जानकारी
हमीरपुर 18 जुलाई। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित किए जा रहे ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कोर्स की प्रतिभागियों के लिए शनिवार को एक जागरुकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में स्वास्थ्य विभाग के जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी और टीबी उन्मूलन अभियान के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने प्रतिभागी महिलाओं को एचआईवी-एड्स, टीबी, हैपेटाइटिस और अन्य गंभीर रोगों के कारणों, इनसे बचाव और इनके उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ब्यूटी पार्लर में कार्य करते समय कुछ सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी होती है, ताकि पार्लर के माध्यम से किसी भी तरह के गंभीर रोग का संक्रमण न फैल सके। ब्यूटी पार्लर में कई तीखे औजारों एवं उपकरणों का प्रयोग किया जाता है। इसके अलावा ग्राहकों के साथ भी नजदीकी संपर्क रहता है। इससे ब्यूटी पार्लरों के संचालकों और ग्राहकों में कई संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका रहती है। इसलिए, इनमें सुरक्षा किट्स का प्रयोग किया जाना चाहिए तथा सफाई का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने डॉ. सुनील वर्मा का स्वागत किया तथा संस्थान में करवाए जा रहे ब्यूटीशियन कोर्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी।