छठ महापर्व को श्रद्धा और सद्भाव के साथ मनाने में जागरूक नागरिक करें सहयोग: गरिमा, नगर निगम के नव अधिग्रहित वार्डों के छठ घाटों की सफाई और सजावट का महापौर ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश...
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर निगम क्षेत्र के नव अधिग्रहित वार्डों में स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। महापौर ने सबसे पहले वार्ड संख्या 34 के मुसहरटोली छठ घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुरानी गनौली स्थित छठ घाट तथा वार्ड संख्या 45 के पिपरा चौक छठ घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मियों और स्थानीय लोगों से तैयारियों की जानकारी ली तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस अवसर पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, अनुष्ठान और अनूठी सांस्कृतिक परंपरा की गौरवशाली विरासत है। यह पर्व सामाजिक समभाव और आपसी सद्भाव का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है। छठ की महत्ता ऐसी है कि देश-विदेश में रहने वाले लोग भी इस अवसर पर अपनी मिट्टी और परिवार के बीच लौट आते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन छठ महापर्व को सर्व समाज के लोकोत्सव के रूप में सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। घाटों की व्यवस्था केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। महापौर ने आम नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे छठ घाटों की स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित आयोजन में सक्रिय सहयोग करें, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, सुविधा और सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य की आराधना कर सकें।
Bettiah, West Champaran | Nov 9, 2026