मरीजों को बेहतर उपचार के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी मिले: डॉ. रंजीत ठाकुर
सीएमओ कुल्लू ने सिविल अस्पताल बंजार का किया निरीक्षण, नई बिल्डिंग और अल्ट्रासाउंड सुविधा का लिया जायजा
Kullu Times
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने सिविल अस्पताल बंजार का दौरा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी बंजार डॉ. नीलम शर्मा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कुल्लवी टोपी एवं मफलर पहनाकर पारंपरिक रूप से स्वागत किया।दौरे के दौरान सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन का जायजा लिया।डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ-साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार मिलना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ सौहार्दपूर्ण, सहानुभूतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। मरीजों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना जाए तथा उनका यथासंभव शीघ्र समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थान में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर उपचार और अच्छे व्यवहार की अपेक्षा रखता है, इसलिए सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निभानी चाहिए।
इस अवसर पर अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सीएमओ ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलम शर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलनी चाहिए और मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
सीएमओ ने अस्पताल की नई निर्माणाधीन बिल्डिंग का भी निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी प्राप्त की और कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि सिविल अस्पताल बंजार में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने अस्पताल परिसर में उपयुक्त स्थान का निरीक्षण किया तथा अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रावधान एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। सिविल अस्पताल बंजार में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।इस अवसर पर अस्पताल के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Sep 2, 2026