सब्जी मंडी में 650 करोड़ से बनेगा नगर निगम का कॉम्प्लेक्स, महापौर ने किया निरीक्षण
पहले चरण में 350 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का काम शुरू, दूसरे चरण में खर्च होंगे 300 करोड़ रुपये; नवंबर तक तैयार होगा लिफ्ट पुल
शिमला। महापौर सुरेंद्र चौहान ने सब्जी मंडी में नगर निगम के नए कॉम्प्लेक्स और शहर में चल रहे अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
महापौर ने बताया कि सब्जी मंडी में नगर निगम के नए कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। परियोजना के पहले चरण पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 300 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जाएंगे। इस तरह पूरी परियोजना पर लगभग 650 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यालयों के साथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और करीब 1,000 वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा, कॉम्प्लेक्स में हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों की कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। इससे यह परिसर शहर की जरूरतों को पूरा करने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करेगा।
महापौर ने बताया कि कांग्रेस भवन के पास निर्माणाधीन लिफ्ट पुल को नवंबर तक तैयार कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कार्य में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को जल्द सुविधा मिल सके।
वहीं, आजीविका भवन में पानी के रिसाव की समस्या को दूर करने के लिए भी काम किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि इस समस्या के समाधान का कार्य अगले 8 से 10 दिनों में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ लोगों की अन्य छोटी-मोटी मांगों पर भी ध्यान दिया जाएगा और उन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।