#खबर_का_असर - गांव टांई में अब होगा श्मशान घाट जाने का रास्ता सुगम
खबर छपने के बाद गंदे पानी की समस्या के स्थायी समाधान की कवायद शुरू
#प्रशासन की संवेदनशील पहल से ग्रामीणों को मिलेगी जलभराव से स्थायी राहत
बिसाऊ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में शव और घुटनों तक गंदा पानी, कलेक्टर को बार-बार गुहार के बावजूद नहीं हुआ समाधान के शीर्षक से शेखावाटी एक्सप्रेस डिजिटल चैनल पर खबर प्रकाशित होने के बाद जिला कलक्टर अरुण गर्ग के निर्देश पर मंगलवार को पंचायत समिति मंडावा के विकास अधिकारी अमित चौधरी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आशीष ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
ग्राम पंचायत टांई में श्मशान भूमि की ओर जाने वाले आम रास्ते पर लंबे समय से जमा गंदे पानी और जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में आखिरकार प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को आखिरकार संज्ञान में ले लिया है।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जलभराव की समस्या का निरीक्षण किया और पानी की निकासी के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाई। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पूर्व में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए नाले में मिट्टी और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी। इसी वजह से लंबे समय से श्मशान भूमि की ओर जाने वाले आम रास्ते पर गंदा पानी जमा हो रहा था और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकारियों ने नाले की सफाई कर उसमें जमा मिट्टी एवं गाद हटाने, पानी की सुचारू निकासी के लिए नया चैंबर बनाने तथा तात्कालिक राहत के लिए रास्ते पर जमा गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करने पर सहमति जताई।
प्रशासन के निर्देश पर सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से मौके की स्थिति का परीक्षण करने के बाद मंगलवार को ही आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। अनापत्ति जारी होते ही ग्राम पंचायत ने बिना किसी देरी के रास्ते में जमा गंदे पानी की निकासी का कार्य शुरू कर दिया। इसके साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूर्व में निर्मित नाले की सफाई, उसमें जमा मिट्टी एवं गाद हटाने तथा नए चैंबर के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विकास अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि नए चैंबर का निर्माण पूरा होने और पुराने नाले की पूरी तरह सफाई कर उसमें जमा मिट्टी एवं गाद हटाने के बाद पानी की निकासी सुचारू हो जाएगी। इससे श्मशान भूमि की ओर जाने वाले आम रास्ते पर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दौरान भी रास्ते में पानी जमा होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही इस गंभीर समस्या को जिला प्रशासन द्वारा संज्ञान में लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजना और आवश्यक अनापत्ति जारी होने के साथ ही कार्य शुरू करवाना प्रशासन की संवेदनशील एवं त्वरित कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
तात्कालिक राहत के साथ-साथ स्थायी समाधान के लिए नाले की सफाई और नए चैंबर का निर्माण एक साथ शुरू किए जाने से ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान होने पर श्मशान भूमि तक जाने वाले रास्ते पर अब सुगम आवागमन संभव हो सकेगा।
मौके पर उपस्थित ग्रामीण कृष्ण कुमार भार्गव, शेखर, शंभू जोशी सहित अन्य ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए शुरू की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई की है, उससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
अब उम्मीद है कि जल्द ही टांई गांव के ग्रामीणों को गंदे पानी और कीचड़ से भरे इस रास्ते से स्थायी मुक्ति मिलेगी और श्मशान घाट तक जाने वाला मार्ग सुगम हो सकेगा।
#खबर_का_असर #टांई #श्मशान_घाट #जलभराव #गंदे_पानी_की_समस्या #प्रशासन_हरकत_में #जिला_प्रशासन #अरुण_गर्ग #शेखावाटी_एक्सप्रेस #BreakingNews #ShekhawatiExpress #Bissau #RajasthanNews #स्थायी_समाधान #ग्रामीणों_को_राहत