रक्षाबंधन से पहले उदयपुर में दूध पर बड़ा एक्शन, 2600 लीटर संदिग्ध दूध से भरा टैंकर पकड़ा
उदयपुर में रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कस दिया है। मुखबिर की सूचना पर सेक्टर-7 स्थित जड़ाव नर्सरी के पास टीम ने दूध से भरा टैंकर पकड़ा। टैंकर में करीब 2600 लीटर दूध मिला।
फूड इंस्पेक्टर अशोक गुप्ता और सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य की टीम ने टैंकर रुकवाकर जांच की। चालक ने अपना नाम मिलन माली, निवासी रेवाड़, भीलवाड़ा बताया। टैंकर में करीब 1500 और 1100 लीटर दूध दो अलग-अलग हिस्सों में भरा था।
स्वास्थ्य विभाग को दूध में कम फैट और मिलावट की शिकायत मिली थी। टीम ने मौके से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। संदिग्ध दूध को नष्ट करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
अब जांच रिपोर्ट से साफ होगा कि दूध मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। साथ ही विभाग यह भी पता लगा रहा है कि टैंकर दूध लेकर कहां से आया था और उदयपुर में किन डेयरियों तक इसकी सप्लाई होनी थी।
त्योहारी सीजन में दूध, मावा और मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप है। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।
Girwa, Udaipur | Aug 22, 2026