एसपी ने मईल थाने का किया निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश
#देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सोमवार को थाना मईल का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बरहज रंजना सचान भी मौजूद रहीं। एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, बैरक, मालखाना, हवालात और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी।
एसपी ने विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए। महिला और बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा उपकरणों की स्थिति भी देखी गई। एसपी ने उनके सुचारु संचालन और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि थाने आने वाले फरियादियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Sep 14, 2026