।
🔥 बड़ी खबर | चित्रकूट
मजदूरी के रुपये मांगना पड़ा भारी! कथित मारपीट के बाद मजदूर की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
चित्रकूट। मानिकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ऊंचाडीह में एक मजदूर की मौत के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मृतक की पहचान प्रकाश उर्फ गुंडा कोल (पुत्र चुन्नीलाल) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि मजदूरी का बकाया भुगतान मांगने पर गांव के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार, घटना आधी रात के दौरान हुई। घायल प्रकाश को पहले मानिकपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार का कहना है कि मृतक कुछ माह पहले गांव के ही एक व्यक्ति के साथ ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने गया था। काम पूरा होने के बाद मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुलिस ने उनकी तहरीर पर तत्काल कार्रवाई नहीं की। वहीं, उन्होंने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में भी विलंब होने की बात कही है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पुलिस की भूमिका की जांच तथा मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक चित्रकूट श्री पीयूषकांत राय ने बताया कि मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में प्राप्त तहरीर एवं साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है।