20 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, चाईबासा-जमशेदपुर पुलिस की बड़ी संयुक्त कार्रवाई
जगन्नाथपुर, 02 जून : पश्चिमी सिंहभूम और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम को 1 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि नोवामुंडी थाना क्षेत्र में एक युवक चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ किरीबुरू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसी दौरान जमशेदपुर पुलिस भी मोटरसाइकिल चोरी के आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में अभियान चला रही थी। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की।
संयुक्त छापेमारी के दौरान नोवामुंडी थाना क्षेत्र के टुकानसाई निवासी सोनू लोहरा उर्फ भोला (20) को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी राज पुरती (23) को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोंटोगाड़ा गांव से नौ तथा किरीबुरू थाना क्षेत्र के टाटीबा बिरहोर टोला से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा 3जी, बजाज पल्सर एनएस 200, हीरो सुपर स्प्लेंडर, यामाहा आर15, यामाहा एफजेड और हीरो ग्लैमर समेत कई लोकप्रिय मॉडल शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर ग्रामीण इलाकों में चोरी के वाहनों की बिक्री करता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनीत कुमार किंडो, नोवामुंडी इंस्पेक्टर वासुदेव मुंडा, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, जामदा प्रभारी बलेश्वर उरांव, किरीबुरु प्रभारी रोहित कुमार, पु.अ.नि पूर्णिमा कुमारी समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस जवान शामिल रहे।
Kanke, Ranchi | Jun 2, 2026