हरलाया में एक रात में 7 दुकानों के ताले तोड़े, मेडिकल स्टोर से 50 हजार नकद चोरी
सीसीटीवी में दिखे चार नकाबपोश चोर, विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर जताया आक्रोश
ओसियां थाना क्षेत्र के हरलाया गांव में 23 नवंबर की रात करीब 2 बजे चोरों ने सात दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर स्कूल के सामने स्थित मां कृपा मेडिकल से करीब 50 हजार रुपए नकद सहित किराना व अन्य सामान चोरी कर ले गए। गुरुदेव फैंसी स्टोर, एसके सब्जी भंडार, मारवाड़ ऑटोमोबाइल और हिंगलाज सब्जी भंडार सहित सात दुकानों को निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में सफेद कपड़े पहने और मुंह ढके चार नकाबपोश नजर आए हैं। घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और ओसियां थाने पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। गौरतलब है कि नौसर में हुई चोरी और क्षेत्र में कृषि कुओं से केबल चोरी की घटनाओं का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
Osian, Jodhpur | Nov 24, 2026