जिला स्तरीय मातृ एवं शिशु मृत्यु समीक्षा बैठक आयोजित
उज्जैन, 13 अक्टूबर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के अंतर्गत जिला स्तरीय मातृ एवं शिशु मृत्यु समीक्षा बैठक का आयोजन दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन डॉ. विक्रम रघुवंशी के निर्देशन में जिला स्वास्थ्य अधिकारी-01 डॉ. जितेंद्र राजपूत की अध्यक्षता में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला उज्जैन में किया गया।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिता भिलवार, खंड चिकित्सा अधिकारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री परविंदर बग्गा, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर श्री अनस कुरेशी, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक श्री दिलीप वसुनिया, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शाखा प्रभारी श्रीमती सुनीता शर्मा, पब्लिक हेल्थ मैनेजर श्री सांवलिया पाटीदार, बी.पी.एम., बी.सी.एम. सहित विभिन्न अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित हुए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विकासखंड स्तर पर मातृ एवं शिशु मृत्यु रिव्यू की पृथक-पृथक प्रतिमाह बैठक आयोजित कर सुधारात्मक कार्रवाई करें। साथ ही मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने हेतु निरंतर प्रयास कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रदायगी सुनिश्चित करें एवं जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु होने पर नियमानुसार चौबीस घंटे के भीतर वरिष्ठ स्तर पर रिपोर्ट करें।
जिले में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत ए.एन.सी. पंजीयन करें व प्रसव पूर्व 4 ए.एन.सी. जाँचें भी समय पर करें। हाई रिस्क महिलाओं की सूची प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था पर चस्पा करें। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिह्नांकन कर पूर्ण निगरानी एवं समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करें। सभी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव संपादित करवाने हेतु ए.एन.सी. पंजीयन के बाद उनकी निगरानी रखें एवं उचित परामर्श भी प्रदान करें तथा नियमित रूप से प्रबंधन सुनिश्चित कर नियमित फॉलोअप भी लें।
शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव संपादित हों, यह सुनिश्चित करें। गर्भवती महिलाओं को प्रसव की संभावित तिथि के पूर्व ही बर्थ वेटिंग में भर्ती करवाएँ। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रतिमाह दिनांक 09 व 25 को आयोजित होने वाले शिविरों में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात जाँचों की व्यवस्था एवं जोखिमपूर्ण गर्भावस्था का सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित करें।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh JDjansampark Ujjain Ujjain Commissioner