राष्ट्रीय गान की गरिमा पर सियासी घमासान, अग्निहोत्री ने भाजपा पर साधा निशाना
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान को लेकर सामने आए विवाद ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत देश की आन-बान और शान के प्रतीक हैं, इन्हें राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। हालिया घटनाक्रम में विधानसभा में दोनों के गायन को लेकर चर्चा सामने आई है।
अग्निहोत्री ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को हर मुद्दे में राजनीति तलाशने के बजाय प्रदेश और देशहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और संविधान से जुड़े प्रतीकों का सम्मान सभी राजनीतिक दलों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं, भाजपा की ओर से भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत का मुद्दा अब राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।
उपमुख्यमंत्री के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं। आने वाले दिनों में यह मुद्दा विधानसभा के भीतर और बाहर और अधिक गरमाने की संभावना है।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो शिमला