वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक : डॉ. अमित शर्मा
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित
कुल्लू
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर ज़िला स्तरीय कार्यक्रम बहुउद्देशीय भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करने के साथ उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। समाज के निर्माण और विकास में उनका योगदान अतुलनीय है। उनके अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन से युवा पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, उनकी देखभाल तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। वरिष्ठ नागरिकों के सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव वर्तमान और नई पीढ़ी दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उनकी समस्याओं को समझते हुए उनके प्रति आदर, संवेदनशीलता और सहयोग का भाव रखना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस वरिष्ठजनों के साथ संवाद स्थापित करने, उनके अनुभवों से सीखने और पुरानी तथा नई पीढ़ी के बीच सार्थक संवाद को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें रक्तचाप, मधुमेह, आंखों और दांतों की जांच की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त वरिष्ठजनों के मनोरंजन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए शतरंज, कैरम बोर्ड, गीत और नृत्य जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी कुंदन लाल, जिला लोक संपर्क अधिकारी अनिल धीमान,सचिव रेडक्रॉस चंद्रकेश शर्मा, जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया, सहित विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया
Kullu, Kullu | Oct 1, 2026