प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालन्दा
....................................................
जिलाधिकारी ने जन-सुनवाई में 26 फरियादियों की समस्याएं सुनीं
जन-शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता
बिहारशरीफ (नालंदा), 25 सितंबर 2026 :नालंदा की जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने आज आयोजित जन-सुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे 26 फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जन-सुनवाई के दौरान वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध होने के बावजूद खेत के अलंग पर कब्जा करने, रास्ता विवाद तथा ग्राम मादाचक में आवासीय मकान को तोड़े जाने अथवा क्षतिग्रस्त किए जाने से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
इसी प्रकार विद्यालय में नामांकन से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नालंदा एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थी का नाम हटाए जाने तथा इंदिरा आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से संबंधित मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए उप विकास आयुक्त, नालंदा को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन-सुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Nalanda, Bihar | Sep 26, 2026