सेवा संकल्प अभियान में शासकीय आईटीआई विदिशा की अनुकरणीय सहभागिता, 34 यूनिट रक्तदान के साथ योग, ध्यान एवं महिला स्वास्थ्य पर विशेष जागरूकता सत्र
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नोडल शासकीय आईटीआई विदिशा द्वारा सेवा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में अनुकरणीय सहभागिता निभाई गई। अभियान के अंतर्गत संस्थान के समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षणार्थियों के सामूहिक प्रयास से कुल 34 यूनिट रक्तदान किया गया।रक्तदान के साथ-साथ प्रशिक्षणार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सामूहिक योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को नियमित योग, ध्यान, मानसिक एकाग्रता एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। सत्र में बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
नोडल प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को केवल सामाजिक सेवा से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को भी मजबूत करना हमारा उद्देश्य है। रक्तदान, योग-ध्यान एवं महिला स्वास्थ्य जागरूकता जैसे प्रयास प्रशिक्षणार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।” उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता करने वाले समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया। #Vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026