उप मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की
===
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश
===
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। सभी कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों के पश्चात उनकी वीडियो बाइट एवं फोटोग्राफ निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से फीड कराए जाएं, जिससे अभियान की गतिविधियों की जानकारी समय पर उपलब्ध हो सके।
उप मुख्यमंत्री ने 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिविरों में संकलित होने वाले रक्त का व्यवस्थित रूप से संधारण एवं सुरक्षित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर तक होगा ‘आशीर्वाद का दिया’
श्री शुक्ल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाला ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम केवल निर्धारित प्रमुख स्थानों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्ड स्तर तक व्यापक रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सभी लाभान्वित हितग्राही अपने घरों में दिया जलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को दिए गए लाभों के लिए धन्यवाद ज्ञापित करें।
जनसेवा संकल्प यात्रा में जनता से संवाद और यात्रियों के ठहरने-भोजन की समुचित व्यवस्था
उप मुख्यमंत्री ने जनसेवा संकल्प यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान निर्धारित सभी आयोजन व्यवस्थित रूप से संपन्न किए जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल यात्रियों का स्थानीय जनता से संवाद प्रभावी रूप से हो तथा उनके ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। यात्रा के निर्धारित रूट एवं कार्यक्रमों के अनुसार संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करें।
विद्यालय एवं महाविद्यालयों में निबंध और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित हों
श्री राजेंद्र शुक्ल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सहभागिता से अभियान की गतिविधियों को व्यापक रूप दिया जाए तथा प्रतियोगिताओं का व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
आंगनवाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन का मिलन’ की सभी गतिविधियां हों
उप मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केन्द्रों में आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम का व्यवस्थित संचालन करते हुए निर्धारित सभी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रमों की नियमित निगरानी एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित हेाने वाली विभिन्न गतिविधियों के तैयारियों की जानकारी दी।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी, जिला योजना समिति सदस्य श्रीमती अमिता चपरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#शहडोल #shahdol #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #AshirwadKaDiya
8 views | Shahdol, Madhya Pradesh | Sep 16, 2026