केदारनाथ में अतिक्रमण पर बवाल, वार्ता के बाद थमा व्यापारियों का आक्रोश!!
मास्टर प्लान की कार्रवाई के विरोध में हेलीपैड पर गरजे व्यापारी, जिलाधिकारी से सीधी वार्ता के बाद 3:30 बजे खत्म हुआ धरना!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर शनिवार को माहौल गरमा गया। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में केदारनाथ धाम व्यापारी संघ और स्थानीय दुकानदारों ने हेलीपैड परिसर में धरना देकर अपना आक्रोश जताया।
व्यापारियों के विरोध के बीच मामला बढ़ता देख जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने स्वयं मोर्चा संभाला और संबंधित व्यापारियों एवं स्थानीय दुकानदारों से वार्ता की।
शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में प्रशासन ने शनिवार को केदारनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चिह्नित अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई से प्रभावित व्यापारियों और दुकानदारों ने इसका विरोध करते हुए हेलीपैड परिसर में धरना शुरू कर दिया। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और आपत्तियों को प्रशासन के समक्ष रखा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने व्यापारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों की बात सुनी और उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से कार्रवाई से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए स्थिति स्पष्ट की गई।
लंबी बातचीत के बाद आखिरकार व्यापारियों का आक्रोश शांत हुआ और अपराह्न करीब 3:30 बजे धरना समाप्त कर दिया गया। धरना समाप्त होने के बाद धाम में यात्रा गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित होने लगीं।
धरना खत्म, यात्रा पटरी पर
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में केदारनाथ धाम में यात्रा पूरी तरह सुचारू है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, बाबा केदार के दर्शन और अन्य यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने यात्रा से जुड़े सभी पक्षों से शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्था निर्बाध रूप से जारी रहे।