औरंगाबाद में अवैध कोयला कारोबार पर बड़ा प्रहार: 4 ट्रक जब्त, 4 चालक गिरफ्तार, 48 लाख का जुर्माना।
रिपोर्ट: 24 NewsLive | औरंगाबाद
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खान एवं भूतत्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने दो अलग-अलग जगहों से अवैध कोयला लदे 4 ट्रकों को जब्त करते हुए 4 चालकों को गिरफ्तार किया है। वाहन मालिकों पर कुल करीब 48 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
*सहायक निदेशक के निर्देश पर हुई कार्रवाई*
यह पूरी कार्रवाई सहायक निदेशक, खान एवं भूतत्व विभाग विकास कुमार के निर्देश पर प्रशिक्षु जिला खनन पदाधिकारी अंकित कुमार के नेतृत्व में की गई। अंकित कुमार ने बताया कि खनिजों के परिवहन के लिए वैध दस्तावेज अनिवार्य हैं। बिना कागजात के किसी भी परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
*पहली कार्रवाई: बारूण थाना, NH-19 पर*
शुक्रवार को खान निरीक्षक कुमार प्रत्यूष के नेतृत्व में बारूण थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-19 पर वाहन जांच के दौरान अवैध कोयला लदे 2 ट्रकों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार चालकों की पहचान:
- अनिल कुमार यादव, निवासी - नगड़ा, बालूमाथ, जिला - लातेहार (झारखंड)
- उपेंद्र कुमार यादव, निवासी - हेमपुर गांव (झारखंड)
*दूसरी कार्रवाई: रिसियप थाना में*
इसी क्रम में खान निरीक्षक मिथुन कुमार के नेतृत्व में रिसियप थाना क्षेत्र में 2 अन्य ट्रकों को जब्त किया गया।
गिरफ्तार चालकों की पहचान:
- अवधेश लाल, निवासी - झुकटियां गांव, मदनपुर थाना
- उपेंद्र कुमार, निवासी - बंगड़ी गांव, जिला - कैमूर
*झारखंड से बिहार लाया जा रहा था कोयला*
सहायक निदेशक विकास कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सभी चालकों से कागजात मांगे गए, लेकिन कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में पता चला कि यह कोयला झारखंड की खदानों से अवैध तरीके से खनन कर बिहार लाया जा रहा था और इसे ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
सभी जब्त वाहनों और गिरफ्तार चालकों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर संबंधित थानों को सौंप दिया गया है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।