प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
20 नवंबर 2026
शीर्षक: जनता दरबार में जिला पदाधिकारी ने सुनीं आम नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का दिया निर्देश।
जमुई: बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम 'सात निश्चय-3' के अंतर्गत 'सबका सम्मान–जीवन आसान' के तहत आज जिला पदाधिकारी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतों एवं परिवादों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की समस्या को अत्यंत संवेदनशीलता से समझते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच, पारदर्शी प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आज आयोजित इस जनता दरबार में कुल 15 फरियादियों ने अपने अपने समस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर जिला पदाधिकारी के समक्ष रखे। इनमें भूमि विवाद, आवास योजना, शौचालय निर्माण, आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति सहित विभिन्न जनसमस्याएं शामिल प्रमुख रही। प्राप्त आवेदनों में सर्वाधिक 8 मामले भूमि विवाद से संबंधित थे, जिन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए अपर समाहर्ता , जमुई को भेजा गया। वहीं, मारपीट, घरेलू विवाद, जमीन पर कब्जा एवं मंदिर तोड़े जाने से संबंधित 3 मामलों को अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर पर कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया। इसके अतिरिक्त आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति से संबंधित एक आवेदन सिविल सर्जन , जमुई को, भूमि विवाद से संबंधित एक आवेदन भूमि सुधार उप समाहर्ता को, आवास योजना से संबंधित एक आवेदन उप विकास आयुक्त को तथा शौचालय एवं आवास योजना से संबंधित एक आवेदन कार्यपालक पदाधिकारी , जमुई को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में नहीं लें, बल्कि प्रत्येक मामले की गंभीरता को समझते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही का पूरा ध्यान रखा जाए तथा आवेदकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
आज के जनता दरबार में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनने तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाने से उपस्थित फरियादियों के चेहरों पर सुकून और संतोष का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन सहित सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
26 views | Jamui, Bihar | Nov 20, 2026