मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य की अचानक दस्तक, 8 डॉक्टर मिले गायब; पुराने सीएमएस कार्यालय पर जड़ा ताला
हरदोई। हरदोई मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह उस समय हलचल तेज हो गई, जब प्राचार्य डॉ. जेबी गोगोई अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। उन्होंने सबसे पहले मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के पुराने कार्यालय का जायजा लिया। यहां सीएमएस डॉ. आदित्य झींगरन मौजूद नहीं मिले। इस पर प्राचार्य ने नाराजगी जताते हुए कार्यालय में ताला लगवा दिया। इसके बाद अस्पताल के अलग-अलग विभागों का निरीक्षण किया गया, जिसमें आठ डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। सभी से जवाब मांगा गया है।जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे प्राचार्य मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान पुराने सीएमएस कार्यालय में डॉ. आदित्य झींगरन नहीं मिले। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह अस्पताल में राउंड पर हैं। इस पर प्राचार्य ने निर्देश दिया कि सीएमएस को आईपीओ भवन की पांचवीं मंजिल पर बनाए गए नए कार्यालय में बैठना चाहिए। उन्होंने पुराने कार्यालय में ताला भी लगवा दिया, हालांकि कुछ देर बाद इसे खोल दिया गया।
*केवल सीढ़ियों के सहारे ही वहां जाना संभव है*
वहीं, सीएमएस डॉ. आदित्य झींगरन ने कार्यालय बदलने को लेकर अपनी समस्याएं बताईं। उनका कहना था कि पुराने कक्ष में लंबे समय से महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज सुरक्षित रखे हुए हैं। इसके अलावा नए कार्यालय का कमरा छोटा है और वहां पहुंचने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी नहीं है। केवल सीढ़ियों के सहारे ही वहां जाना संभव है। ऐसे में दिव्यांग लिपिक को पांचवीं मंजिल तक पहुंचने में परेशानी होगी।इसके बाद प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज और महिला अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। एक्स-रे, ब्लड बैंक, फार्मेसी, मेडिसिन, ऑर्थो, मनोचिकित्सा, फैमिली मेडिसिन, आयुष विंग, एनसीडी और सर्जिकल ओपीडी में व्यवस्थाएं देखीं।जांच के दौरान महिला अस्पताल में दो, ईएनटी ओपीडी में एक, बाल रोग विभाग में चार और सर्जरी ओपीडी में एक डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इस तरह कुल आठ चिकित्सकों की गैरमौजूदगी सामने आई। प्राचार्य ने सभी संबंधित डॉक्टरों को नोटिस जारी कर अनुपस्थित रहने का कारण स्पष्ट करने को कहा है। अचानक हुए इस निरीक्षण के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
Hardoi, Hardoi | Nov 3, 2026