मणिकर्ण घाटी में पार्वती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, फंसे युवकों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाला
कुल्लू। मणिकर्ण घाटी के साडा वैरियर के समीप पार्वती नदी में अचानक पानी का जलस्तर बढ़ने से कुछ युवक नदी किनारे फंस गए। पानी बढ़ने के कारण युवकों के लिए वहां से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर युवकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और समय पर की गई मदद से सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी किनारे जाने वाले पर्यटकों और युवाओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मानसून के दौरान पार्वती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, ऐसे में नदी के आसपास जाना जोखिम भरा साबित हो सकता है।