ग्वालियर हादसे पर सिंधिया भावुक, बोले— “मेरा हृदय टूट गया”; ट्रक मंदिर तक कैसे पहुंचा?...
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुए भीषण हादसे में 15 लोगों की मौत के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मृतकों और घायलों के परिजनों से मुलाकात की। इस दर्दनाक घटना पर भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि हादसा उनके शहर के परिवारों के साथ हुआ है और उनका हृदय टूट गया है। सिंधिया ने सवाल उठाया कि रात के अंधेरे में ट्रक को मंदिर के पास प्रवेश कैसे मिला और वह ग्वालियर तक कैसे पहुंचा। उन्होंने ब्रेक फेल होने समेत हादसे के सभी संभावित कारणों की सख्त जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही। सिंधिया के मुताबिक, मुख्यमंत्री से तीन बार चर्चा कर उन्हें ग्वालियर आने का आग्रह किया गया है। हादसे के बाद आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। वहीं, अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 31 मरीज भर्ती हुए थे, जिनमें से 13 को छुट्टी मिल चुकी है। फिलहाल तीन मरीज भर्ती हैं, जिनमें दो ICU में उपचाराधीन हैं। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता भी दी गई है।