सोलन-सुबाथू मार्ग पर दर्दनाक हादसा, सड़क से नीचे जा गिरी पंजाब नंबर की कार… चालक की हालत गंभीर
बेरठी के पास हुआ हादसा, कुठाड़ से सोलन आ रही थी गाड़ी; स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायल को पहुंचाया अस्पताल
सोलन। सोलन-सुबाथू मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। बेरठी के नजदीक पंजाब नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से काफी नीचे जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कार कुठाड़ से सोलन की ओर आ रही थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे बेरठी के पास अचानक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घायल चालक को गाड़ी से बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया। बताया जा रहा है कि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।